समस्तीपुर: सीने पर 9 कलश रख युवती ने शुरू की कठिन तपस्या, जानें वजह

समस्तीपुर से बड़ी खबर

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में शारदीय नवरात्र के अवसर पर आस्था और भक्ति की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। वारिसनगर प्रखंड की पूर्णाही पंचायत के चारों गांव स्थित पंचगामा दुर्गा मंदिर परिसर में युवती मनीषा ने अपने सीने पर नौ कलश रखकर कठिन तपस्या शुरू की।


मनीषा ने पिछले वर्ष अपने पिता की गंभीर बीमारी के दौरान मां दुर्गा से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए संकल्प लिया था। पिता की सेहत में काफी सुधार होने के बाद अब वह मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए संकल्प पूरा करने में जुट गई हैं।


मंदिर के पुजारी ललित बाबा और समाजसेवी उपेंद्र प्रसाद के अनुसार, मनीषा चारों गांव निवासी प्रमोद सिंह की पुत्री हैं। पिता की बिगड़ती सेहत को लेकर वह काफी चिंतित थीं। ऐसे में उन्होंने मां दुर्गा की आराधना करने और मनोकामना पूरी होने पर कठिन साधना करने का निश्चय किया था।


रविवार को शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही मनीषा ने पंचगामा दुर्गा मंदिर परिसर में अपने सीने पर नौ कलश रखकर पूजा-अर्चना शुरू की। इस दौरान वह पूरी श्रद्धा के साथ साधना में लीन रहीं।


मनीषा की इस साधना के दौरान उनकी मां, परिजन और मंदिर पहुंचे श्रद्धालु सहयोग में जुटे रहे। मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना की।


पिता के स्वास्थ्य में सुधार के बाद अपना संकल्प पूरा करने के लिए मनीषा की ओर से शुरू की गई यह साधना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।


और पढ़ें :

Written by Sanjeev Mandal

This article has been edited and verified in compliance with strict journalistic standards and accuracy protocols.